मुंबई।महाराष्ट्र एटीएस ने मुंबई के निकट कल्याण से आतंकी संगठन आइएस के एजेंट रिजवान खान को गिरफ्तार किया है। रिजवान पर मुस्लिम युवकों को बहलाकर आइएस में शामिल करने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रिजवान की गिरफ्तारी महाराष्ट्र एटीएस एवं केरल पुलिस के संयुक्त अभियान में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र एटीएस को केरल पुलिस की गुप्तचर शाखा से रिजवान के बारे में जानकारी मिली थी।
महाराष्ट्र एटीएस उसे जल्दी ही केरल पुलिस के हवाले करेगी। एक सप्ताह के अंदर केरल और महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से हुई यह दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले गुरुवार को दोनों राज्यों की पुलिस के संयुक्त प्रयास से नवी मुंबई से अर्शी कुरैशी को गिरफ्तार किया गया था।अर्शी कुरैशी का जुड़ाव भी आईएस से बताया गया है।
अर्शी कुरैशी इस्लामी विद्धवान डॉ. जाकिर नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आइआरएफ) का पीआरओ बताया जाता है। अर्शी कुरैशी के विरुद्ध केरल के कोच्चि शहर में धमार्तरण के मामले में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार रिजवान खान को शुक्रवार की रात कल्याण स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है । अभी उससे अधिक पूछताछ नहीं की जा सकी है। लेकिन उस पर मुस्लिम युवकों को बहलाकर आइएस में शामिल कराने का आरोप है। बता दें कि केरल में करीब 21 युवकों के गायब होने के बाद वहां की पुलिस एवं गुप्तचर एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।