रांची। आम्रपाली बिल्डर्स के विवाद में आए भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नई मुश्किल में फंस गए हैं। इसकी वजह रांची के हरमू इलाके में धोनी के पुश्तैनी घर में बना स्वीमिंग पूल है। धोनी के स्विमिंग पूल में 15000 लीटर पानी आता है। लेकिन यहां के लोग पानी की कमी से बेहाल हैं।
पानी की तंगी झेल रहे लोगों ने अब सरकार से गुहार लगाई है। रांची के लोगों ने राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी के जनता दरबार में अपना दर्द सुनाया है। इन लोगों का कहना है कि धोनी के घर में 15000 लीटर पानी भरा हुआ है और इनके घरवाले प्यासे हैं।
एक न्यूज़ पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार जनता दरबार ने रांची के लोगों ने कहा, ‘महेंद्र सिंह धोनी यहां कभी-कभार आते हैं। लेकिन उनके स्वीमिंग पूल में हमेशा पानी भरा रहता है।’ इन लोगों के मुताबिक हरमू इलाके के मोहल्लों की हालत महाराष्ट्र के लातूर जैसी हो गई है।
इन लोगों की मांग है कि अगर धोनी के स्विमिंग पूल के लिए 15000 लीटर पाानी का इंतजाम हो सकता है तो इलाके की पांच हजार की आबादी के लिए भी पानी का इंतजाम किया जाए।
धोनी के घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर बसे यमुनानगर में न तो बोरवेल से पानी निकल रहा है और न ही टैंकर से वाटर सप्लाई हो रही है। दो साल से इलाके के वार्ड पार्षद से लेकर नगर निगम के पदाधिकारियों से लोगों ने मिन्नतें की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। लोगों ने मंत्री से दस बोरिंग कराने की मांग की।
वहीं, धोनी के करीबियों का कहना है कि लोग झूठे आरोप लगा रहे हैंं। धाेनी के घर में बने स्विमिंग पूल में पानी नहीं है। जब धोनी यहां आते हैं, तभी पानी भरा जाता है।
पिछले दिनों सूखे से बेहाल महाराष्ट्र से आईपीएल शिफ्ट करने को लेकर पूछे गए सवाल पर धोनी ने कहा था, ‘आईपीएल शिफ्ट करने के सवाल सुनने में अच्छे लगते हैं, लेकिन आपको इसके लिए लॉन्ग टर्म सॉल्यूशन निकालने की जरूरत है।’