लुधियाना। गुरुद्वारा साहिब में मामूली सी बात पर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें हवलदार समेत दो लोगों की जान चली गई।
खूनी संघर्ष पंजाब के लुधियाना में जगरांव के गांव चक्कर में हुआ। मामला साइकिल ठीक से लगाने को लेकर था। देखते ही देखते बहस विवाद में बदल गई। तकरार के बाद दोनों पक्ष हथियारों से लैस होकर एक दूसरे से भिड़ गए। दोनों तरफ से फायरिंग की गई।
फायरिंग में गुरुद्वारा प्रधान हीरा सिंह और उसके भाई हवलदार बलबीर सिंह की मौत हो गई। मृतक हवलदार का बेटा वीर सिंह, गुरविंदर सिंह और दूसरे पक्ष के गुरअमृत सिंह व गुरतेज सिंह जख्मी हो गए। इनको अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
पुलिस ने पिता-पुत्र समेत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, जगरांव के एसपी जसदेव सिंह, डीएसपी रछपाल सिंह ने कहा कि असली मामला पुरानी रंजिश का है। गुरुद्वारा साहिब की प्रधानगी को लेकर मौजूदा प्रधान और कमेटी मैंबर में पुरानी रंजिश चल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब में साइकिल पर आए कमेटी मेंबर हरजीत सिंह को गुरुद्वारा प्रधान हीरा सिंह के पुत्र हरप्रीत सिंह ने साइकिल ठीक से लगाने को कहा। इसी पर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।